“राष्ट्रपति खड़ी हैं और पीएम बैठे हैं!” ममता बनर्जी ने तस्वीर दिखाकर प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री पर तंज कसा। उन्होंने एक तस्वीर का हवाला देते हुए कहा, “प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च पद पर आसीन राष्ट्रपति को सम्मान नहीं देते। तस्वीर में प्रधानमंत्री बैठे हुए हैं और राष्ट्रपति खड़ी हैं। यह उनकी मानसिकता का प्रमाण है।”
ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई राष्ट्रपति से नहीं है। जब मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने राष्ट्रपति का नाम लिया, तो ममता ने उन्हें टोकते हुए कहा, “राष्ट्रपति की कोई गलती नहीं है, हमें उन्हें निशाना नहीं बनाना चाहिए। गलती उन लोगों की है जो उन्हें सम्मान देना नहीं जानते।” मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को ‘चुनावी पक्षी’ करार देते हुए कहा कि जैसे ही चुनाव आते हैं, वे बंगाल को निशाना बनाना शुरू कर देते हैं।
हाल ही में राष्ट्रपति के एक निजी कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था और वॉशरूम की समस्या को लेकर केंद्र द्वारा राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों का ममता ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “वह कार्यक्रम राज्य सरकार ने आयोजित नहीं किया था। वह एक निजी संस्था का कार्यक्रम था और जगह एयरपोर्ट अथॉरिटी की थी। अगर वहां ग्रीन रूम या अन्य सुविधाओं में कोई कमी थी, तो इसकी जिम्मेदारी आयोजकों की है, न कि राज्य सरकार की।”
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही बंगाल की छवि खराब करने के लिए ऐसे झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि केंद्र सरकार अपनी विफलताओं का ठीकरा राज्य पर फोड़ना बंद करे।