“आज तो बस ट्रेलर है, फिल्म मई में दिखाऊंगा!” अभिषेक बनर्जी ने फोटो दिखाकर पीएम मोदी को घेरा

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने रविवार को दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए अभिषेक ने एक तस्वीर दिखाई और पूछा, “तस्वीर में प्रधानमंत्री बैठे हैं और राष्ट्रपति खड़ी हैं। यह फोटो पीआईबी ने पोस्ट की है। अब बताइए, राष्ट्रपति का अपमान कौन कर रहा है?”
अभिषेक बनर्जी ने मणिपुर हिंसा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब मणिपुर जल रहा था, तब राष्ट्रपति की ओर से कोई बयान नहीं आया। उन्होंने अमित शाह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा की रथ यात्रा अब ‘विसर्जन यात्रा’ बन चुकी है, जिसमें हाथ हिलाने वाले लोग भी नहीं मिलते। शाह के परिवारवाद वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने पूछा कि अमित शाह के बेटे जय शाह ने कौन सी ‘अग्निपरीक्षा’ देकर बीसीसीआई और आईसीसी में इतने ऊंचे पद हासिल किए हैं?
वोटर लिस्ट में ‘SIR’ मुद्दे पर ६० लाख नामों के विचाराधीन होने पर उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल के लोगों के अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है, जो उनके अपने राजनीतिक पतन का कारण बनेगा। सभा के अंत में उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा, “आज जो देखा वह सिर्फ ट्रेलर था, पूरी फिल्म मई में (चुनाव के समय) दिखाऊंगा।”