“मैं बंगाल का गर्वित वोटर हूं!” इस्तीफे के 3 दिन बाद कोलकाता लौटे आनंद बोस, त्यागपत्र के कारणों पर सस्पेंस बरकरार

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद से अचानक इस्तीफा देने के तीन दिन बाद सीवी आनंद बोस रविवार को कोलकाता लौटे। हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने अपने इस्तीफे से जुड़ी कई कयासों पर विराम लगाया, तो कुछ नए रहस्य भी पैदा कर दिए। बोस ने साफ किया कि उन्होंने दिल्ली जाकर नहीं, बल्कि कोलकाता से ही अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेजा था।

इस्तीफे के कारणों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “जहाँ प्रवेश होता है, वहाँ से प्रस्थान भी निश्चित है। मैंने बंगाल के राज्यपाल के रूप में 1200 दिन पूरे किए हैं और मुझे लगा कि यह पद छोड़ने का सही समय है।” हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनके इस्तीफे की असली वजह अभी ‘गोपनीय’ रहेगी और सही समय आने पर ही वह इसका खुलासा करेंगे।

हाल ही में बंगाल के मतदाता बने आनंद बोस ने बड़े गर्व से कहा, “मैं बंगाल का एक गर्वित वोटर हूं और अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए निश्चित रूप से वापस आऊंगा।” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान हुए प्रोटोकॉल विवाद पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि राष्ट्रपति एक बहुत ही अनुभवी और गरिमामय व्यक्तित्व हैं, उनके कार्यों या बयानों पर टिप्पणी करना मेरा अधिकार नहीं है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *