महुआ मोइत्रा का राष्ट्रपति पर तीखा हमला: “बीजेपी की सिखाई हुई बोली बोल रही हैं द्रौपदी मुर्मू”, बंगाल में सियासी बवाल

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन पर ‘भाजपा के एजेंट’ के रूप में काम करने का आरोप लगाया है। सिलीगुड़ी में एक निजी कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्वारा राज्य सरकार के प्रबंधन पर नाराजगी जताने के बाद महुआ ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “माननीय राष्ट्रपति, बंगाल की धरती पर आकर हमारे लोगों का अपमान न करें। आप भाजपा की सिखाई हुई स्क्रिप्ट पढ़ रही हैं।”

महुआ मोइत्रा ने एक वीडियो संदेश में कहा कि जिस कार्यक्रम में राष्ट्रपति शामिल हुई थीं, वह एक निजी संस्था का था, न कि राज्य सरकार का। इसलिए उसकी किसी भी कमी के लिए ममता सरकार जिम्मेदार नहीं है। महुआ ने आगे तीखा प्रहार करते हुए कहा, “जब मणिपुर में आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाया गया या मध्य प्रदेश में आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब किया गया, तब आप चुप थीं। आज चुनाव से ठीक पहले आप बंगाल आकर भाजपा की भाषा बोल रही हैं।”

सांसद ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि मर्यादा के बदले ही मर्यादा मिलती है। उन्होंने राष्ट्रपति से अपने पद की गरिमा बनाए रखने और किसी राजनीतिक दल के मोहरे के रूप में काम न करने की अपील की। इस बयान के बाद भाजपा ने टीएमसी पर राष्ट्रपति पद और आदिवासी समाज के अपमान का आरोप लगाया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *