योगीराज के स्कूल में ‘मसाज’ वाली पढ़ाई! क्लास छोड़कर हेडमास्टर की पीठ थपथपा रही छात्राएं, वीडियो वायरल!

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां की एक प्रधानाध्यापिका (हेडमिस्ट्रेस) ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए छात्राओं को अपनी पीठ और शरीर की मालिश करने का आदेश दे दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया है, जिसमें छात्राएं पढ़ाई छोड़कर अपनी टीचर की सेवा में लगी नजर आ रही हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हेडमिस्ट्रेस क्लासरूम के अंदर आराम से लेटी हुई हैं और छोटी-छोटी छात्राएं उनकी पीठ थपथपा रही हैं और मलाई कर रही हैं। जैसे ही यह मामला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) के पास पहुँचा, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापिका को सस्पेंड कर दिया। हालांकि, अपनी गर्दन फंसते देख मैडम ने अब नया पैंतरा अपनाया है। उनका दावा है कि यह वीडियो ‘AI’ (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा बनाया गया एक फर्जी वीडियो है।
यह पहली बार नहीं है जब किसी सरकारी स्कूल से ऐसी तस्वीर आई हो। पिछले साल भोपाल के एक स्कूल में भी ऐसी ही घटना हुई थी, जहां एक शिक्षिका छात्र से अपने पैर दबवा रही थीं। चित्रकूट की इस घटना ने एक बार फिर शिक्षकों की नैतिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विभाग अब स्कूल के पूरे स्टाफ और वहां की पढ़ाई के स्तर की जांच कर रहा है। नेटिजन्स इस वीडियो को देख अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।