‘राष्ट्रपति खड़ी हैं और पीएम बैठे हैं?’ ममता बनर्जी ने फोटो दिखाकर मोदी पर साधा तीखा निशाना!

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर छिड़े विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार किया है। धर्मतला में आयोजित धरना मंच से ममता बनर्जी ने एक तस्वीर दिखाते हुए सनसनीखेज आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “तस्वीर में देखिए, राष्ट्रपति खड़ी हैं और प्रधानमंत्री बैठे हुए हैं। हम ऐसा शिष्टाचार नहीं निभाते।”

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सिलीगुड़ी में आयोजित वह कार्यक्रम राज्य सरकार का नहीं था। उन्होंने सीधे तौर पर आयोजन की विफलता के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को जिम्मेदार ठहराया। ममता ने कहा, “उस कार्यक्रम में राज्य सरकार की कोई भागीदारी नहीं थी। आयोजकों ने हमें आमंत्रित तक नहीं किया था। वह जगह एयरपोर्ट अथॉरिटी की थी, तो दोष हम पर क्यों मढ़ा जा रहा है?”

ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही बंगाल को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने अभिनेत्री और विधायक जून मालिया व बीरबाहा हांसदा से वह तस्वीर सार्वजनिक करने को कहा, जिसमें प्रधानमंत्री बैठे नजर आ रहे हैं और राष्ट्रपति खड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि क्या यही भाजपा का संस्कार है? उन्होंने आगे कहा, “मैं यहाँ लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए धरने पर बैठी हूँ। बिना बुलावे के मैं अपना मंच छोड़कर कैसे जा सकती थी?”

राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा ममता को अपनी ‘छोटी बहन’ बताने और उनके न आने पर दुख व्यक्त करने के मामले में ममता ने कहा कि मेयर वहां मौजूद थे, लेकिन व्यवस्था पूरी तरह से केंद्र के अधीन थी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रधानमंत्री के रुख की आलोचना करते हुए ममता ने स्पष्ट किया कि बंगाल अपनी महिलाओं का सम्मान करना जानता है और इसके लिए उसे किसी के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। इस बयान के बाद बंगाल की राजनीति में राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल को लेकर एक नया विवाद शुरू हो गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *