ईरान-इजरायल युद्ध की आग में स्वाहा हुए २१,००० करोड़! दलाल स्ट्रीट पर विदेशी निवेशकों की भारी भगदड़!

मध्य पूर्व (Middle East) में बढ़ते युद्ध के तनाव का सीधा और घातक असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ना शुरू हो गया है। ईरान और इजरायल के बीच छिड़ी सैन्य जंग और इसमें अमेरिकी हस्तक्षेप की आशंका ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। इसी अनिश्चितता के चलते विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय बाजार से अपने पैर खींचने शुरू कर दिए हैं।
४ दिन और २१,००० करोड़ का नुकसान: आंकड़ों के अनुसार, पिछले सप्ताह के केवल ४ कारोबारी सत्रों (Trading Sessions) में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से लगभग २१,००০ करोड़ रुपये निकाल लिए हैं। यह निकासी इतनी तेज थी कि इसने बाजार के जानकारों को भी हैरान कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि युद्ध की स्थिति में कच्चा तेल महंगा होने और सप्लाई चेन बाधित होने के डर से निवेशक अपना पैसा निकालकर सुरक्षित जगहों पर लगा रहे हैं।
फरवरी की खुशी मार्च में मातम: फरवरी का महीना बाजार के लिए बहुत अच्छा रहा था, जहां पिछले १७ महीनों में सबसे ज्यादा २२,६१५ करोड़ रुपये का निवेश हुआ था। लेकिन मार्च के पहले सप्ताह (२-६ मार्च) में ही युद्ध की आहट ने सारा खेल बिगाड़ दिया। इससे पहले जनवरी में भी ३५,९६२ करोड़ रुपये निकाले गए थे। निवेशकों की इस ‘बिकवाली’ की लहर ने दलाल स्ट्रीट में हड़कंप मचा दिया है।
सावधानी जरूरी: बाजार के जानकारों का कहना है कि अगर युद्ध लंबा खिंचता है, तो बाजार में और बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। फिलहाल निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि वे कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले मार्केट की चाल को समझें और विशेषज्ञों की राय जरूर लें।