गंभीर का भरोसा और अभिषेक का धमाका! १८ गेंदों में ५० ठोककर फाइनल में कीवियों को दिन में दिखाए तारे!

टी-२० वर्ल्ड कप २०२६ के फाइनल में वो हुआ, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी आलोचक ने की थी। पूरे टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा को जब गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव ने फाइनल की प्लेइंग इलेवन में बरकरार रखा, तो सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे थे। लेकिन अभिषेक ने इन तमाम आलोचनाओं को मैदान के बाहर पहुंचा दिया। उन्होंने महज १८ गेंदों में अर्धशतक जड़कर न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं।
१८ गेंदों में पचासा, कीवियों की शामत: अहमदाबाद के मैदान पर अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया। कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने पावरप्ले में चार तेज गेंदबाजों को लगाया, जो अभिषेक के लिए वरदान साबित हुआ। तेज गति की गेंदों को अभिषेक ने मैदान के चारों ओर बाउंड्री के बाहर भेजा। लॉकी फर्ग्यूसन के एक ही ओवर में अभिषेक ने २४ रन बटोर लिए, जिसमें गगनचुंबी छक्के शामिल थे। भारत ने पावरप्ले में ही बोर्ड पर ९२ रन टांग दिए।
दुर्भाग्यपूर्ण अंत, लेकिन काम तमाम: अभिषेक ने अपनी पारी में २१ गेंदों का सामना किया और ५२ रन बनाए। पावरप्ले के ठीक बाद रचिन रवींद्र की एक गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में वे कीपर को कैच दे बैठे। हालांकि, जब तक वे आउट हुए, तब तक वे भारत को एक ऐसी ठोस शुरुआत दे चुके थे, जहां से वर्ल्ड कप जीतना अब आसान लग रहा है। गंभीर और सूर्या का यह ‘जुआ’ मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ।