‘सब कुछ पहले से तय था!’ राष्ट्रपति विवाद पर ममता का बड़ा पलटवार, राज्यपाल पर फोड़ा ठीकरा!

दार्जिलिंग में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के स्वागत को लेकर छिड़े विवाद में अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद मोर्चा खोल दिया है। कोलकाता के धर्मतला में धरने पर बैठीं ममता ने दावा किया कि राष्ट्रपति के स्वागत का प्रोटोकॉल राज्यपाल के पास था, न कि उनके पास। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को बीजेपी का “प्री-प्लैन गेम” करार दिया है।
राज्यपाल के कार्यक्रम पर सवाल: मुख्यमंत्री ने मंच से कहा, “यह पूरा खेल पहले से प्लान किया गया था। मैं राष्ट्रपति जी को दोष नहीं देती, लेकिन मुझे पता था कि राज्यपाल को राष्ट्रपति को रिसीव करने बागडोगरा जाना था। यही असल प्रोग्राम था।” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जानबूझकर ऐसी स्थिति पैदा कर रही है जिससे राज्य सरकार की छवि खराब हो। ममता ने पूर्व राज्यपाल के इस्तीफे पर भी सवाल उठाए और जांच की मांग की।
बीजेपी पर तीखा हमला: ममता ने बीजेपी को “महिला विरोधी” पार्टी बताते हुए कहा कि बंगाल पर कब्जा करने की उनकी कोशिशें नाकाम हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई महिलाओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। “बीजेपी की नीति है कि सिर्फ वे खाएंगे और कोई नहीं। लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे,” ममता ने गरजते हुए कहा।