“अप्रैल के बाद दीदी को सड़क पर ही बैठना होगा”, शुभेंदु ने मुख्यमंत्री के ‘थ्रेट’ वाले दावे की उड़ाई धज्जियां

बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस के इस्तीफे और आरएन रवि की नई नियुक्ति को लेकर बंगाल की राजनीति में उबाल आ गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा राज्यपाल को ‘धमकाकर हटाने’ के आरोपों का जवाब देते हुए नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने मालदा के गाजोल में करारा प्रहार किया। शुभेंदु ने रविवार को ‘परिवर्तन रथयात्रा’ के दौरान कहा, “ममता बनर्जी को संविधान का एबीसीडी (ABCD) सिखाने के लिए अब नए राज्यपाल आ रहे हैं।”
ममता पर निजी हमला और चुनावी चेतावनी ममता बनर्जी के बयानों पर तंज कसते हुए शुभेंदु ने कहा, “वह सुबह, दोपहर और रात में अलग-अलग बातें करती हैं। अब उन्हें सड़क पर बैठने की आदत डाल लेनी चाहिए, क्योंकि अप्रैल के बाद उन्हें वहीं बैठना होगा।” उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि इस बार का चुनाव अलग होगा। सिर्फ बूथ के अंदर ही नहीं, बल्कि बाहर भी कैमरे लगाकर निगरानी की जाएगी। शुभेंदु ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि जैसे नंदीग्राम में हराया था, वैसे ही अब उन्हें ‘पूर्व मुख्यमंत्री’ बनाकर दम लेंगे।
राशन घोटाला और कानून-व्यवस्था पर प्रहार शुभेंदु ने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा भेजा गया मुफ्त अनाज बांग्लादेश तस्करी किया जा रहा है और बंगाल के लोगों को कीड़े वाला आटा दिया जा रहा है। उन्होंने वादा किया कि बीजेपी सत्ता में आई तो राशन सीधे घर पहुंचाया जाएगा और ‘लक्ष्मी भंडार’ की राशि बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति माह की जाएगी।
आरजी कर कांड और औद्योगिक क्रांति का वादा राज्य की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए शुभेंदु ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना का जिक्र किया और कहा कि अपराधियों के साथ-साथ विनीत गोयल और संदीप घोष जैसे अधिकारियों को भी नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने शिक्षित युवाओं को रोजगार देने और प्रवासी मजदूरों को वापस बंगाल लाने का भरोसा दिया। शुभेंदु ने यह भी कहा कि बीजेपी के सत्ता में आने पर टाटा जैसे बड़े उद्योगों को वापस बंगाल लाया जाएगा और राज्य में विकास की नई लहर शुरू होगी।