“राष्ट्रपति के अपमान का बदला लेंगी बंगाल की माताएं-बहनें”, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का ममता पर प्रहार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उत्तर बंगाल दौरे को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक युद्ध में बदल गया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पर उतरते ही पश्चिम बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति का अपमान बंगाल की संस्कृति नहीं है और इसका करारा जवाब आगामी चुनावों में बंगाल की महिलाएं देंगी।
900 करोड़ बनाम 50 हजार करोड़ का दांव मालबाजार में भाजपा की ‘परिवर्तन रथयात्रा’ में शामिल होते हुए सम्राट चौधरी ने उत्तर बंगाल के विकास को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, “ममता दीदी उत्तर बंगाल पर केवल 900 करोड़ खर्च करती हैं, लेकिन अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो हम यहाँ 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।” बिहार के पुराने ‘गुंडाराज’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे बिहार अब सुशासन की राह पर है, वैसे ही बंगाल को भी ‘लूट’ से बचाना होगा।
चाय बागान और भ्रष्टाचार पर घेरा सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी को चाय बागानों के उत्पादन या मजदूरों की भलाई से कोई लेना-देना नहीं है, उनका ध्यान केवल भ्रष्टाचार पर है। उन्होंने कहा कि आदिवासी और गोरखा समस्याओं को सुलझाने के बजाय टीएमसी केवल सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। गौरतलब है कि राष्ट्रपति ने खुद शनिवार को राज्य सरकार द्वारा असहयोग की बात कही थी, जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव से रिपोर्ट तलब की है।
अभिषेक बनर्जी का पलटवार भाजपा के इन आरोपों के बीच टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने मथुरापुर की सभा में एक तस्वीर दिखाते हुए पलटवार किया। उन्होंने पीआईबी की फोटो का हवाला देते हुए पूछा, “तस्वीर में प्रधानमंत्री बैठे हैं और राष्ट्रपति खड़ी हैं, तो असली अपमान कौन कर रहा है?” राष्ट्रपति के सम्मान के मुद्दे पर शुरू हुई यह खींचतान अब बंगाल की राजनीति में एक नया मोड़ ले चुकी है।