इतिहास रचा! न्यूजीलैंड को ९७ रनों से धूल चटाकर भारत फिर बना वर्ल्ड चैंपियन, गंभीर की सेना ने किया कमाल!

रविवार की वह शाम क्रिकेट के इतिहास के सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई। ढाई साल पहले जिस नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करोड़ों भारतीयों का दिल टूटा था, कल उसी मैदान पर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। टी-२० वर्ल्ड कप २०२६ के फाइनल में न्यूजीलैंड को ९७ रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त देकर ‘मेन इन ब्लू’ ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। दुनिया का पहला देश बनकर भारत ने यह कीर्तिमान स्थापित किया है, और इसका श्रेय कोच गौतम गंभीर की सटीक रणनीति और खिलाड़ियों के जज्बे को जाता है।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “मैंने कहा था न कि अगर मैं मैच नहीं देखूंगा तो हम जीत जाएंगे! हम जीत गए!” अक्षय कुमार ने अपनी फिल्म ‘भूत बंगला’ के गाने पर डांस करते हुए वीडियो शेयर किया और लिखा, “आज हर भारतीय घर का यही हाल है।”
अजय देवगन ने इमोशनल होते हुए कहा, “चिल्लाते-चिल्लाते मेरा गला बैठ गया है, लेकिन चेहरे की मुस्कान नहीं जा रही। टीम इंडिया, आपने करोड़ों भारतीयों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया।” किंग खान शाहरुख खान ने भी टीम को बधाई देते हुए लिखा, “क्या शानदार जीत है! हमें आप पर गर्व है।”
अनुपम खेर, अनिल कपूर, जूनियर एनटीआर, महेश बाबू और रामचरण जैसे सितारों ने भी सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की इस वर्ल्ड क्लास परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की। ९७ रनों की यह विशाल जीत न केवल एक ट्रॉफी है, बल्कि उन करोड़ों फैंस के जख्मों पर मरहम है जो पिछले कुछ समय से इस पल का इंतजार कर रहे थे।