बंगाल में चुनाव की आहट! आज राजनीतिक दलों के साथ चुनाव आयोग की बड़ी बैठक, क्या वोटर लिस्ट पर होगा बड़ा फैसला?

पश्चिम बंगाल में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग की फुल बेंच रविवार रात कोलकाता पहुंच गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आज यानी सोमवार से बैठकों का दौर शुरू हो गया है। आज सुबह १० बजे से दोपहर १२ बजे तक राज्य के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ चुनाव आयोग की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और विपक्ष के प्रतिनिधियों की शिकायतों और सुझावों पर चर्चा होगी।
सूत्रों के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार ने रविवार रात को ही स्पेशल रोल ऑब्जर्वर सुब्रत गुप्ता और मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल के साथ लंबी चर्चा की। चुनाव आयुक्त ने विशेष रूप से ‘अंडर एडजुडिकेशन’ (विचाराधीन) वोटर लिस्ट की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि जुडिशियल ऑफिसर रोजाना कितनी शिकायतों का निपटारा कर रहे हैं और सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट कब तक जारी हो सकती है। आयोग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ चुनावी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
आज का दिन काफी व्यस्त रहने वाला है। राजनीतिक दलों के बाद, दोपहर १ बजे से सभी जिलाधिकारियों (DM), पुलिस अधीक्षकों (SP) और पुलिस कमिश्नरों के साथ समीक्षा बैठक शुरू होगी। मंगलवार को आयोग राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ अंतिम चर्चा करेगा। खास बात यह है कि इस बार चुनाव आयोग सीधे ‘बूथ लेवल ऑफिसर्स’ (BLO) से भी संवाद करेगा, जो चुनाव प्रक्रिया में एक नई पहल है। मंगलवार शाम को दिल्ली रवाना होने से पहले आयोग बंगाल में निष्पक्ष चुनाव के लिए रोडमैप तैयार कर देगा।