हवा में उड़ते प्लेन में बीड़ी का कश! दिल्ली-गोवा फ्लाइट में यात्री की हरकत देख क्रू के उड़े होश, केस दर्ज!

बीच आसमान में आकासा एयर (Akasa Air) की फ्लाइट के अंदर बीड़ी पीने के आरोप में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना दिल्ली से गोवा जा रहे विमान संख्या QP1625 में शनिवार को हुई। दिल्ली निवासी यात्री आशीष दास ने विमान के शौचालय में जाकर बीड़ी जलाई, जिससे पूरे केबिन में हड़कंप मच गया। क्रू मेंबर्स ने तुरंत धुएं की पहचान की और यात्री के पास से लाइटर बरामद किया।
विमानन कंपनी के अनुसार, यात्री सीट नंबर 11E पर बैठा था और हवाईअड्डे की सुरक्षा जांच के बावजूद वह अपने साथ लाइटर ले जाने में सफल रहा। इस कृत्य को विमान और सह-यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना गया है। गोवा के मोपा हवाई अड्डे पर उतरते ही आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गोवा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और नागरिक उड्डयन सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि यात्री ने लापरवाही बरतते हुए दूसरों की जान जोखिम में डाली। आरोपी को धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया गया है। आकासा एयर ने स्पष्ट किया है कि वे सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते हैं और जांच में पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं।
बता दें कि विमान के अंदर धूम्रपान करना एक गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है। इससे पहले 2025 में भी एक यात्री को सूरत-कोलकाता फ्लाइट में बीड़ी पीते हुए पकड़ा गया था। विमान में आग लगने के खतरे को देखते हुए ऐसी हरकतों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।