मधुबनी में इंसानियत शर्मसार! मदद मांगने गई महिला को खंभे से बांधकर पीटा, जबरन पिलाया शराब में पेशाब

बिहार के मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र के आंही गांव से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। जमीन विवाद सुलझाने की गुहार लेकर मुखिया के घर गई एक महिला की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उसे शराब में पेशाब मिलाकर पिलाने का घिनौना कृत्य किया गया। कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद रविवार को महिला की पटना में मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि २५ फरवरी को जब महिला मुखिया कुमारी देवी के घर पहुंची, तो वहां बात बिगड़ गई। मुखिया के बेटे मगनू सिंह और उसके साथियों ने महिला को एक खंभे से बांध दिया और बांस के डंडों से उसे तब तक पीटा जब तक वह बेहोश नहीं हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि जब महिला ने पानी मांगा, तो दरिंदगी की हदें पार करते हुए उसे जबरन शराब में पेशाब मिलाकर पिलाया गया।

मधुबनी के डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे दरभंगा और फिर पटना रेफर किया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने २८ फरवरी को परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। मुख्य आरोपी मगनू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है। मंसूरी समाज के प्रदेश अध्यक्ष अजय मंसूरी ने इस घटना को “तालिबानी मानसिकता” करार देते हुए आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग की है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और शारीरिक प्रताड़ना की पुष्टि की जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *