“सुप्रीम कोर्ट गए तो क्या गुनाह किया?” चुनाव आयुक्त की डांट पर भड़कीं ममता की मंत्री!

दिल्ली के बाद अब कोलकाता में भी चुनाव आयोग और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच सीधा टकराव देखने को मिल रहा है। सोमवार को कोलकाता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के कड़े तेवरों ने खलबली मचा दी। बैठक से बाहर निकलीं राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और फिरहाद हकीम ने आरोप लगाया कि कमिश्नर ने उनकी बात सुनने के बजाय उन पर चिल्लाया।

सूत्रों के मुताबिक, बंगाल की वोटर लिस्ट (SIR) को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामलों से चुनाव आयुक्त काफी नाराज दिखे। कांग्रेस के साथ बैठक में उन्होंने कथित तौर पर कहा, “जब आप लोग सुप्रीम कोर्ट जा चुके हैं, तो अब ६० लाख लोगों के भविष्य के बारे में मुझसे क्यों पूछ रहे हैं?” यही तल्खी टीएमसी के साथ बैठक में भी दिखी।

चंद्रिमा भट्टाचार्य ने दावा किया कि जब उन्होंने मतदाताओं के नाम काटे जाने का मुद्दा उठाया, तो ज्ञानेश कुमार ने गुस्से में सुप्रीम कोर्ट के मामले का जिक्र किया। चंद्रिमा ने मीडिया से कहा, “उन्होंने हमसे कहा कि आप लोग सुप्रीम कोर्ट गए हैं… तो हम क्यों न जाएं? जनता के हक के लिए हम कोर्ट गए हैं और डंके की चोट पर कहते हैं कि हमने सही किया।” उन्होंने सवाल उठाया कि अगर आयोग को हमारी बात सुननी ही नहीं थी, तो हमें बैठक में बुलाया ही क्यों गया? इस घटना ने बंगाल चुनाव से पहले आयोग और सत्ताधारी दल के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *