पॉयला बैसाख के बाद बंगाल में चुनाव! शुभेंदु अधिकारी ने ममता सरकार को दी ‘6 हफ्ते’ की मोहलत

पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग की फुल बेंच के दौरे के बीच विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव की तारीखों को लेकर बड़ा दावा कर दिया है। सोमवार को कोलकाता एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए शुभेंदु ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव ‘पॉयला बैसाख’ (बंगाली नव वर्ष) के बाद किसी भी दिन हो सकते हैं। उन्होंने सीधे तौर पर ममता बनर्जी की सरकार के लिए समय सीमा तय करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के पास अब केवल 6 हफ्ते का समय बचा है और जल्द ही चुनाव आयोग तारीखों का ऐलान कर देगा।

शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल की जनता से एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा, “अगर आप बंगाल को बचाना चाहते हैं, तो एकजुट होकर वोट दें।” उन्होंने टीएमसी पर संविधान के उल्लंघन का आरोप लगाया और दावा किया कि अब मुस्लिम समुदाय भी ममता बनर्जी के साथ नहीं है। शुभेंदु के अनुसार, अल्पसंख्यक अब हुमायूं कबीर जैसे नेताओं का समर्थन कर रहे हैं, जो मुस्लिम मुख्यमंत्री की बात कर रहे हैं। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि कोलकाता और ग्रामीण इलाकों में हिंदू मतदाता भी एकजुट हो रहे हैं, जिससे टीएमसी की हार तय है। दूसरी ओर, टीएमसी नेता जयप्रकाश मजूमदार ने पलटवार करते हुए कहा कि शुभेंदु की बातें दिखाती हैं कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। फिलहाल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की टीम राज्य में तैयारियों की समीक्षा कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *