गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात! एक्स-गर्लफ्रेंड समझकर दूसरी महिला पर फेंका तेजाब

हरियाणा के गुरुग्राम में एक सनकी युवक द्वारा अपनी पूर्व प्रेमिका समझकर एक दूसरी महिला पर तेजाब फेंकने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल में रविवार रात हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में पता चला है कि आरोपी युवक अपनी 20 वर्षीय पूर्व प्रेमिका पर हमला करना चाहता था। वह युवती नूंह की रहने वाली है और गुरुग्राम में अपनी मौसी के घर आई थी। युवती का आरोप है कि उसके पूर्व प्रेमी ने पहले उस पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिसके बाद वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंची। आरोपी उसका पीछा करते हुए अस्पताल तक पहुंच गया। अस्पताल में उसी समय एक 32 वर्षीय महिला भी मौजूद थी, जिसने इत्तेफाक से वैसी ही ड्रेस पहनी थी जैसी आरोपी की पूर्व प्रेमिका ने।

अंधेरे और कपड़ों के धोखे में आरोपी ने पीछे से उस 32 वर्षीय महिला पर तेजाब फेंक दिया और फरार हो गया। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए रोहतक के पीजीआईएमएस (PGIMS) रेफर किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *