कोलकाता में बेमौसम बारिश का अलर्ट! अगले ३ दिनों तक बंगाल के इन जिलों में मचेगा तांडव

पश्चिम बंगाल में मार्च के महीने में ही मौसम ने करवट ले ली है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले तीन दिनों तक कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश की प्रबल संभावना है। शनिवार और रविवार को आसमान में बादलों की आवाजाही के बाद आज भी सूरज के तेवर नरम हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल में ‘काल बैसाखी’ जैसी स्थिति बन रही है, जिसके कारण गरज के साथ बादल विकसित हो रहे हैं।
कोलकाता का मिजाज: कोलकाता में आज न्यूनतम तापमान २४ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से २.३ डिग्री कम है। दिन का अधिकतम तापमान ३२ डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। शहर में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश हो सकती है।
जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट: दक्षिण २४ परगना, झाड़ग्राम, बांकुरा, पूर्वी बर्धमान, मुर्शिदाबाद और नदिया में ३०-४० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, बीरभूम और पश्चिम बर्धमान में हवा की गति ४०-५० किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही इन इलाकों में वज्रपात (बजली गिरने) की भी चेतावनी दी गई है।
उत्तर बंगाल की स्थिति: उत्तर बंगाल के लगभग सभी जिलों में इस पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। यहां रविवार तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। फिलहाल उत्तर बंगाल में तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन दक्षिण बंगाल में पारा मामूली रूप से चढ़ सकता है।