लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव! ५० सांसदों के समर्थन से बढ़ा सियासी तापमान

लोकसभा की कार्यवाही में आज तब बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब विपक्ष ने स्पीकर ओम बिड़ला (Om Birla) के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया। किशनगंज से कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने इस प्रस्ताव को सदन के पटल पर रखा, जिसे ५० सांसदों का समर्थन मिला। इसके साथ ही विपक्ष को प्रस्ताव पेश करने की अनुमति दे दी गई है।
डिप्टी स्पीकर पद पर रार: विपक्षी दलों का आरोप है कि लंबे समय से डिप्टी स्पीकर (Deputy Speaker) का पद खाली रखना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है। कांग्रेस ने दावा किया कि डिप्टी स्पीकर की अनुपस्थिति में देश में ‘संवैधानिक संकट’ की स्थिति पैदा हो गई है। विपक्ष ने स्पीकर की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।
बीजेपी का तीखा प्रहार: इस कदम की कड़ी आलोचना करते हुए बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि विपक्ष किसी भी मुद्दे पर सार्थक बहस नहीं करना चाहता। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल चर्चा से भागने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। फिलहाल, ओम बिड़ला के खिलाफ लाए गए इस अविश्वास प्रस्ताव ने संसद के भीतर एक बड़ा टकराव खड़ा कर दिया है।