मुख्य चुनाव आयुक्त की ‘गलती’ पर भड़के ब्रात्य बसु! नेशनल एंथम और नेशनल सॉन्ग में अंतर नहीं जानते ज्ञानेश कुमार?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के एक बयान ने राजनीतिक घमासान मचा दिया है। राज्य के शिक्षा मंत्री और टीएमसी नेता ब्रात्य बसु ने आरोप लगाया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त को यह भी नहीं पता कि देश का राष्ट्रीय गान (National Anthem) कौन सा है और राष्ट्रीय गीत (National Song) कौन सा।
विवाद की जड़: मंगलवार को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ज्ञानेश कुमार ने बांग्ला में अपनी बात शुरू की। उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर और बंकिम चंद्र चटर्जी का जिक्र किया। ब्रात्य बसु का दावा है कि इस दौरान आयुक्त ने ‘जन गण मन’ को देश का ‘राष्ट्रीय गीत’ बता दिया।
ब्रात्य बसु का तीखा हमला: ब्रात्य बसु ने सोशल मीडिया पर लिखा, “देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्ति, हमारे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जी को यह भी नहीं पता कि हमारा राष्ट्रीय गान कौन सा है और राष्ट्रीय गीत कौन सा! आज उन्होंने ‘जन गण मन’ को राष्ट्रीय गीत के रूप में वर्णित किया। यह बेहद शर्मनाक है।”
चुनाव आयोग का कहना है कि उनकी प्राथमिकता पश्चिम बंगाल में हिंसा मुक्त और निष्पक्ष चुनाव कराना है। लेकिन चुनाव से ठीक पहले चुनाव आयुक्त की इस कथित ‘फिसलन’ ने सत्तारूढ़ दल को एक बड़ा मुद्दा दे दिया है। बंगाल की अस्मिता और संस्कृति से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर अब सोशल मीडिया से लेकर गलियारों तक बहस छिड़ गई है।