विश्व कप खत्म, पर कोलकाता में ‘कैद’ दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमें! १० दिनों से नहीं मिल रहा घर वापसी का रास्ता

आईसीसी विश्व कप का समापन हो चुका है और अधिकांश टीमें अपने-अपने देशों के लिए रवाना हो चुकी हैं। लेकिन वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटरों के लिए कोलकाता का सफर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले १० दिनों से ये दोनों टीमें कोलकाता के एक होटल में अटकी हुई हैं। मंगलवार को उन्हें एक विशेष चार्टर्ड विमान से ले जाने की तैयारी थी, लेकिन ऐन वक्त पर ‘एयरस्पेस क्लीयरेंस’ (हवाई क्षेत्र की अनुमति) न मिलने के कारण उड़ान रद्द कर दी गई।
क्या है अड़चन? कोलकाता से इन दोनों टीमों को लेकर जाने वाला चार्टर्ड विमान अंतरराष्ट्रीय हवाई सीमाओं को पार करने की अनुमति से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों में फंस गया। सुरक्षा कारणों और हवाई क्षेत्र की मंजूरी न मिलने के कारण पूरी योजना धराशायी हो गई। वेस्टइंडीज के तीन खिलाड़ियों ने अपने स्तर पर व्यावसायिक उड़ानों से निकलने की कोशिश भी की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके और उन्हें वापस होटल लौटना पड़ा।
डैरेन सैमी ने छोड़ी शहर की सीमा: दिलचस्प बात यह है कि वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी अपने प्रयासों से कोलकाता से निकलने में कामयाब रहे, लेकिन बाकी खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ अभी भी वहीं फंसे हुए हैं। विदेशी धरती पर विश्व कप के बाद इस तरह की देरी ने खिलाड़ियों की थकान और मानसिक तनाव को बढ़ा दिया है। संबंधित क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी अब वैकल्पिक विमानों या व्यावसायिक रूटों के जरिए उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं।