व्हाइट हाउस की बड़ी लापरवाही! ओबामा के अपमान के बाद अब हर्मुज जलडमरूमध्य पर ‘फर्जी’ पोस्ट से मचा बवाल

व्हाइट हाउस के सोशल मीडिया प्रबंधन पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महज एक महीने के भीतर दूसरी बार एक बेहद संवेदनशील और विवादित पोस्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खलबली मचा दी है। इस बार मामला हर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से जुड़ा है, जिसने वैश्विक ऊर्जा बाजार को अस्थिर कर दिया है।
क्या है पूरा मामला? इस हफ्ते अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट के सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट किया गया, जिसमें दावा किया गया कि अमेरिकी नौसेना ने हर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से एक तेल टैंकर को एस्कॉर्ट (सुरक्षा) किया है। पोस्ट को कुछ ही देर में डिलीट कर दिया गया और व्हाइट हाउस ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया। लेकिन तब तक वैश्विक वित्तीय बाजारों में भ्रम की स्थिति पैदा हो चुकी थी।
पुरानी कहानी, नया किरदार: हैरानी की बात यह है कि व्हाइट हाउस ने एक बार फिर इस गलती का ठीकरा एक ‘इंटर्न’ के सिर फोड़ दिया है। ठीक एक महीने पहले भी ओबामा दंपति को लेकर एक नस्लभेदी वीडियो शेयर होने पर प्रशासन ने एक कर्मचारी की ‘गलती’ बताई थी। बार-बार होती इन गलतियों और जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने के तरीके ने अमेरिकी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उंगलियां उठा दी हैं। ईरान के साथ जारी तनाव के बीच इस तरह की ‘सोशल मीडिया प्रोपेगेंडा वॉर’ दुनिया के लिए चिंता का विषय बन गई है।