गंगासागर में खूनी खेल! बीजेपी नेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पेट और सीने में लगी गोली; हालत नाजुक

पश्चिम बंगाल में २०२६ के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हिंसा का दौर शुरू हो चुका है। दक्षिण २४ परगना के गंगासागर में बुधवार सुबह एक बीजेपी नेता पर जानलेवा हमला हुआ, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। ६६ वर्षीय बीजेपी नेता त्रिलोकेश ढाली को बाइक सवार हमलावरों ने उस वक्त निशाना बनाया जब वे बाजार जा रहे थे। उन पर दो राउंड फायरिंग की गई, जिसमें गोलियां उनके सीने और पेट में लगी हैं। गंभीर हालत में उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कोलकाता के अस्पताल में रेफर किया गया है।

हमले की पूरी कहानी: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, त्रिलोकेश ढाली अपनी बाइक से श्रीधाम मोड़ और गंगासागर बस टर्मिनस के बीच से गुजर रहे थे। तभी अचानक घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। लहूलुहान हालत में उन्हें स्थानीय सागर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए तुरंत उच्च चिकित्सा के लिए कोलकाता भेजने की सलाह दी।

साजिश का आरोप: इस घटना के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रुद्रनगर बीडीओ कार्यालय के सामने रास्ता जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। घायल नेता के बेटे त्रिदीप ढाली ने आरोप लगाया कि उनके पिता के आगामी चुनाव में उम्मीदवार बनने की संभावना थी, इसलिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) के इशारे पर यह हमला किया गया है। बीजेपी का कहना है कि प्रशासन और पुलिस की नाक के नीचे विपक्षी नेताओं को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। गंगासागर तटीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान की जा रही है।


Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *