“सुंदरवन में हारेगी टीएमसी!” सागरद्वीप में बीजेपी नेता पर फायरिंग के बाद भड़के शुभेंदु अधिकारी, लगाए गंभीर आरोप

बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हिंसा का दौर शुरू हो गया है। सागरद्वीप में एक बीजेपी नेता को निशाना बनाकर की गई फायरिंग की घटना पर राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने ममता सरकार को आड़े हाथों लिया है। शुभेंदु ने आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि इस बार सुंदरवन की अधिकांश सीटों पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) की करारी हार होने वाली है।
टीएमसी को सता रहा हार का डर कोलकाता एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए शुभेंदु ने कहा, “कुलपी, पाथरप्रतिमा और सागर जैसे इलाकों में बीजेपी की सभाओं में उमड़ रही भीड़ ने टीएमसी को डरा दिया है। हार के डर से ही वे अब गोलियों और बमों का सहारा ले रहे हैं। सुंदरवन की जनता इस बार बदलाव के लिए तैयार है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी चुनाव आते हैं, टीएमसी ‘खून की होली’ खेलना शुरू कर देती है।
भ्रष्टाचार पर बड़ा हमला कोयला तस्करी मामले में ईडी द्वारा पूर्व ओसी मनोरंजन मंडल के आवास पर छापेमारी का जिक्र करते हुए शुभेंदु ने विस्फोटक दावा किया। उन्होंने कहा, “मनोरंजन मंडल ने अपने आकाओं के इशारे पर कम से कम 100 करोड़ रुपये की वसूली की है। अगर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए, तो वह बता देगा कि 75 फीसदी पैसा कालीघाट में किसके पास भेजा गया है।” ममता बनर्जी द्वारा विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका पर पलटवार करते हुए शुभेंदु ने कहा कि मुख्यमंत्री सरकारी योजनाओं के जरिए लोगों को आरजी कर और बोगटुई जैसे कांड भुलाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जनता अब हकीकत समझ चुकी है।