आधी रात को बना हैवान! शक के चलते पति ने गला रेतकर की पत्नी की हत्या, दक्षिण २४ परगना में सनसनी

दक्षिण २४ परगना के बसंती इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। चरित्र पर शक के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान ३३ वर्षीय वीथिका शासमल के रूप में हुई है। घटना मंगलवार देर रात बसंती के माझरपाड़ा इलाके की है। आरोपी पति बापन शासमल वारदात को अंजाम देकर बाइक से फरार हो गया था, लेकिन बुधवार सुबह पुलिस ने उसे न्यूटाउन इलाके से दबोच लिया।
संदेह की आग में जला संसार: पुलिस के अनुसार, संदेशखाली के रहने वाले बापन की शादी १५ साल पहले गोसाबा की वीथिका से हुई थी। उनकी १४ साल की एक बेटी भी है। पिछले कुछ समय से वीथिका एक निजी लोन कंपनी में काम कर रही थी। बापन को वीथिका का सहकर्मियों से बात करना पसंद नहीं था और वह उस पर अवैध संबंधों का शक करता था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी।
सुरक्षित ठिकाने पर भी पहुंचा मौत का दूत: बापन के अत्याचारों से तंग आकर वीथिका अपनी बेटी के साथ बसंती में अपनी बड़ी बहन के घर रहने चली आई थी। लेकिन मंगलवार रात बापन वहां भी पहुंच गया और सोते समय धारदार हथियार से वीथिका पर हमला कर दिया। मौके पर ही वीथिका की मौत हो गई।
छोटे शहरों में बढ़ता क्राइम: एक डेटिंग ऐप ‘एशले मैडिसन’ के हालिया सर्वे के मुताबिक, भारत के टियर-२ शहरों में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स का चलन तेजी से बढ़ा है। शक और बेवफाई के चलते होने वाले अपराधों में भी इजाफा हुआ है। बसंती की यह घटना समाज के उसी कड़वे सच को उजागर करती है, जहां शक की वजह से एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया।