विदाई की बेला में छलके आंसू! ममता की ‘उदारता’ का जिक्र करते हुए रो पड़े राज्यपाल सी वी आनंद बोस

पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला, जब निवर्तमान राज्यपाल सी वी आनंद बोस मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से विदाई मुलाकात के दौरान अपने आंसू नहीं रोक पाए। कार्यकाल पूरा होने से पहले अचानक इस्तीफा देने वाले आनंद बोस ने मुख्यमंत्री की ‘उदारता’ के लिए उनका आभार व्यक्त किया और इसी दौरान उनका गला भर आया। बंगाल की संस्कृति और लोगों के प्यार को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह यहाँ की मिठास अपनी यादों में लेकर जा रहे हैं।
इस्तीफे के पीछे के कारणों पर चर्चा करते हुए आनंद बोस ने कुछ कड़े संकेत भी दिए। उन्होंने कहा, “मैंने अपने जीवन के 75 साल बिताने के बाद यह सीख लिया है कि जीवन के किस मोड़ पर रुकना चाहिए।” हालांकि, उन्होंने अपने पद से हटने के पीछे किसी ‘साजिश’ की आशंका भी जताई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी उनके सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि राज्यपाल के साथ ‘अन्याय’ हुआ है। मुख्यमंत्री ने इसे एक राजनीतिक साजिश करार देते हुए केंद्र पर निशाना साधा है।
गौरतलब है कि आनंद बोस और ममता बनर्जी के रिश्तों में उतार-चढ़ाव का लंबा दौर रहा है। जहाँ शुरुआत में राजभवन में ‘हाथखड़ी’ (सरस्वती पूजा) के दौरान दोनों के बीच गजब की केमिस्ट्री दिखी थी, वहीं बाद में कुलपतियों की नियुक्ति और अन्य मुद्दों पर टकराव इस कदर बढ़ा कि रिश्ता निचले स्तर पर पहुँच गया था। लेकिन आज विदाई के समय पुरानी कड़वाहट दूर होती दिखी। बुधवार शाम को नए राज्यपाल आर एन रवि बंगाल पहुँच रहे हैं, लेकिन आनंद बोस की इस इमोशनल विदाई ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।