रसोई गैस पर युद्ध की मार! ईरान-अमेरिका जंग के बीच भारत में एलपीजी का हाहाकार!

ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव ने भारतीय रसोई का बजट और सुकून दोनों बिगाड़ दिया है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का सीधा असर भारत में एलपीजी (LPG) और सीएनजी (CNG) की आपूर्ति पर पड़ा है। देश भर में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत देखी जा रही है। हालात ये हैं कि गैस वितरकों के दफ्तरों के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और हफ्तों पहले बुकिंग करने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में भी स्थिति काफी गंभीर हो गई है। गैस की कमी के साथ-साथ बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। ऑटो चालकों को सीएनजी के लिए पूरी रात पंपों पर बिताना पड़ रहा है। इस संकट की आड़ में सिलेंडरों की कालाबाजारी की खबरें भी सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए कोलकाता पुलिस मुख्यालय ‘लालबाजार’ ने सख्त रुख अपनाया है। सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि वे गैस वितरकों और पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा बढ़ाएं ताकि कानून-व्यवस्था न बिगड़े।
लालबाजार की नई गाइडलाइन के मुताबिक, घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने खुद के बैरकों में भी गैस बचाने के लिए इंडक्शन और माइक्रोवेव जैसे विकल्पों के इस्तेमाल की सलाह दी है। युद्ध के कारण आपूर्ति श्रृंखला बाधित होने से आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकता है, जिससे निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।