ईरान ने रखी युद्ध विराम के लिए ३ शर्तें! ट्रंप के ‘सब तबाह’ वाले दावे पर तेहरान का पलटवार!

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे भीषण युद्ध को समाप्त करने के लिए तीन कड़ी शर्तें रखी हैं। पेज़ेशकियन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी शांति प्रस्ताव के लिए ईरान के ‘कानूनी अधिकारों’ को मान्यता देना अनिवार्य होगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि ईरान को युद्ध में हुए नुकसान का मुआवजा मिलना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह गारंटी दी जानी चाहिए कि भविष्य में उन पर कोई हमला नहीं होगा।

राष्ट्रपति ने रूस और पाकिस्तान के नेताओं के साथ बातचीत के बाद शांति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, लेकिन साथ ही ‘जायोनी सरकार’ और अमेरिका को आक्रामक घेरे में लिया। वहीं, ईरान के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता अबुलफजल शेकरची ने सरकारी मीडिया के जरिए वाशिंगटन को सीधी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, “अगर हमारे बंदरगाहों और गोदियों को खतरा हुआ, तो इस क्षेत्र के सभी बंदरगाह और आर्थिक केंद्र हमारे वैध लक्ष्य होंगे।” उन्होंने क्षेत्रीय देशों से अमेरिकी सेना को बाहर निकालने का आह्वान भी किया है।

दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि तेहरान की सैन्य शक्ति को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। ट्रंप ने एक साक्षात्कार में कहा, “ईरान में अब निशाना बनाने लायक कुछ बचा ही नहीं है। युद्ध हमारी योजना से कहीं तेज चल रहा है।” हालांकि, ट्रंप के इस आशावादी बयान के बावजूद, अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों का कहना है कि युद्ध रोकने का कोई औपचारिक आदेश नहीं मिला है और कम से कम अगले दो सप्ताह तक हमलों का सिलसिला जारी रह सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *