रसोई गैस की कीमतों में भारी उछाल! सिलेंडर पर सीधे ६० रुपये बढ़े, आम आदमी का बजट बिगड़ा!

ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध का सीधा असर अब भारतीय रसोई पर दिखने लगा है। वैश्विक स्तर पर आपूर्ति बाधित होने के कारण घरेलू रसोई गैस (LPG) की कीमतों में ६० रुपये प्रति सिलेंडर की भारी बढ़ोतरी की गई है। कोलकाता में अब घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर ९३९ रुपये हो गई है। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में ११४.५० रुपये का इजाफा किया गया है, जिससे इसकी कीमत १,९९० रुपये तक पहुँच गई है।
राज्य में गैस की बढ़ती किल्लत और कीमतों को देखते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तेल कंपनियों के अधिकारियों, डीलरों और वितरकों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि आपूर्ति श्रृंखला में कोई बाधा न आए।
हालात पर काबू पाने के लिए राज्य सरकार ने उद्योग सचिव को ‘नोडल अधिकारी’ नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि युद्ध के बहाने कालाबाजारी या अनावश्यक स्टॉकहोल्डिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य प्रशासन हर जिले में ईंधन और गैस की उपलब्धता पर कड़ी नजर रख रहा है ताकि आम जनता को और अधिक परेशानी का सामना न करना पड़े।