अस्पताल में तड़पती रही पत्नी, पति ने नहीं किया एक भी फोन! देबोलिना नंदी के सनसनीखेज खुलासे से हड़कंप

मशहूर गायिका देबोलिना नंदी और उनके पति प्रभाह नंदी के बीच का रिश्ता अब चर्चा का विषय बन गया है। जिसे दुनिया एक खुशहाल जोड़ा समझती थी, उसके पीछे के दर्द की दास्तान अब सबके सामने आ गई है। टीवी9 बांग्ला को दिए एक विस्फोटक इंटरव्यू में देबोलिना ने अपनी निजी जिंदगी के उन पन्नों को पलटा, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। देबोलिना ने खुलासा किया कि एक रात शो से लौटने के बाद उन्होंने भारी मात्रा में नींद की गोलियां खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की थी।
देबोलिना ने बताया कि वह उस समय गहरे मानसिक तनाव में थीं। अस्पताल में इलाज के बाद उनकी जान तो बच गई, लेकिन उनके रिश्ते की दरार और चौड़ी हो गई। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “मैंने अभी तक तलाक फाइल नहीं किया है, लेकिन कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुझे पहले घर से बाहर निकाल दिया गया था, जिसे मैंने छुपाए रखा। जब मैं अस्पताल में थी, तब भी प्रभाह ने एक बार भी मेरा हाल नहीं पूछा। अगर उसके मन में थोड़ा भी प्यार होता, तो वह कम से कम एक कॉल तो करता।”
गायिका ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मां को हर मिनट अपमानित किया जाता था, जो उनके लिए असहनीय था। रिश्ते को सुधारने की गुंजाइश पर उन्होंने कहा कि रिश्ता दोनों तरफ से निभाया जाता है। अगर प्रभाह अपनी गलतियों को सुधारने और उनके परिवार को सम्मान देने के लिए तैयार होते हैं, तो वह इस पर विचार कर सकती हैं। फिलहाल, यह मामला कानूनी मोड़ ले चुका है और प्रशंसक इस खबर से स्तब्ध हैं।