गैंगटॉक की भीड़ से दूर, 4000 फीट की ऊंचाई पर बसा जन्नत! सिक्किम का ‘मारतम’ जीत लेगा आपका दिल

अगर आप हिमालय की गोद में किसी ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां केवल शांति और प्रकृति का वास हो, तो पूर्वी सिक्किम का ‘मारतम’ (Martam) आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है। गैंगटॉक से मात्र 30 किमी की दूरी पर स्थित यह गांव अपनी प्राचीन सुंदरता और ऑफबीट लोकेशन के लिए मशहूर है।
मारतम की खासियत: 4,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित मारतम गांव धान के खेतों, देवदार के जंगलों और इलायची के बागानों से घिरा हुआ है। यहाँ की पारंपरिक वास्तुकला और भूटिया-नेपाली संस्कृति की झलक पर्यटकों को अपनी ओर खींचती है। साफ मौसम में यहाँ से कंचनजंघा के मंत्रमुग्ध कर देने वाले दर्शन होते हैं।
पर्यटकों के लिए खास: यहाँ आधुनिक होटलों के बजाय ‘होम-स्टे’ का चलन ज्यादा है, जहाँ आप स्थानीय लोगों के साथ रहकर उनके खान-पान और सरल जीवन का अनुभव कर सकते हैं। ट्रेकिंग, बर्ड वाचिंग और शांति से प्रकृति को निहारने वालों के लिए यह एक स्वर्ग है। यहाँ का ऐतिहासिक ‘यूमा साम्यो मांगघिम’ मंदिर भी देखने लायक है।
कैसे पहुंचें: एनजेपी (NJP) या सिलीगुड़ी से मारतम की दूरी लगभग 110 किमी है। आप टैक्सी या शेयर जीप से 3-4 घंटे में यहाँ पहुँच सकते हैं। अक्टूबर से मार्च यहाँ घूमने का सबसे अच्छा समय है।