“PM मोदी खुद डरे हुए हैं!” LPG संकट के बीच राहुल गांधी का तीखा प्रहार; अडानी और एपस्टीन केस को लेकर घेरा

देश में एलपीजी गैस की भारी किल्लत को लेकर मचे हाहाकार के बीच आज संसद परिसर में जबरदस्त राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि पीएम देश को तो ‘पैनिक’ न होने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन वे खुद बुरी तरह डरे हुए हैं। राहुल ने तंज कसते हुए कहा, “प्रधानमंत्री अडानी मामले और एपस्टीन फाइलों के कारण डरे हुए हैं और इसी डर की वजह से वे संसद में भी नहीं आ पा रहे हैं।”

गुरुवार को कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी के सांसदों ने मकर द्वार के पास जमकर नारेबाजी की। प्रियंका गांधी, सुप्रिया सुले और जया बच्चन जैसी महिला सांसदों ने हाथ में ईंट का चूल्हा लेकर प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। विपक्ष का कहना है कि कमर्शियल गैस न मिलने के कारण छोटे दुकानदार और होटल मालिक अपनी दुकानें बंद करने पर मजबूर हैं। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि जब देश इतने बड़े संकट से गुजर रहा है, तो लोकसभा में प्रधानमंत्री की कुर्सी खाली क्यों है?

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ईंधन की वैश्विक आपूर्ति बाधित हुई है, जिसका सीधा असर भारत में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता पर पड़ा है। हालांकि, केंद्र सरकार ने आश्वासन दिया है कि घरेलू गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है, लेकिन कमर्शियल गैस की कमी ने रेस्तरां और मिठाई विक्रेताओं की कमर तोड़ दी है। विपक्ष अब इस मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है, जबकि प्रधानमंत्री ने बुधवार को ही लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *