ममता का केंद्र पर करारा हमला: “जनता को कितनी लाइनों में खड़ा करोगे? अब सब ‘बेलाइन’ होगा!”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को राज्य के सभी जिलाधिकारियों (DM) और पुलिस अधीक्षकों (SP) के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक की। हालांकि यह बैठक मुख्य रूप से राज्य में जारी रसोई गैस के संकट से निपटने के लिए बुलाई गई थी, लेकिन चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने २०२१ के नंदीग्राम चुनाव का जिक्र कर सबको चौंका दिया। ममता बनर्जी ने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ा निर्देश देते हुए कहा, “EVM को लेकर बेहद सतर्क रहें। नंदीग्राम जैसी धांधली कहीं भी दोबारा नहीं होनी चाहिए।”
गौरतलब है कि २०२१ के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी के हाथों मिली हार को ममता बनर्जी ने अब तक स्वीकार नहीं किया है और यह मामला कोर्ट में है। चुनाव की आहट के बीच उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि आचार संहिता के दौरान भी विकास कार्य रुकने नहीं चाहिए।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि नोटबंदी से लेकर अब ‘SIR’ और गैस के लिए जनता को कतारों में खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अब बस सब कुछ ‘बेलाइन’ (पटरी से उतरना) होने वाला है।” मुख्यमंत्री ने साफ किया कि प्रशासन को गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने होंगे ताकि आम जनता को राहत मिल सके। प्रशासनिक बैठक में नंदीग्राम का मुद्दा उठाकर ममता ने एक बार फिर चुनावी माहौल को गरमा दिया है।