“रसोई की आग बुझी तो सड़कों पर आग जलेगी!” गैस संकट पर कांग्रेस का कोलकाता में प्रचंड प्रदर्शन

घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में ६० रुपये और कमर्शियल गैस में १४४ रुपये की भारी वृद्धि के खिलाफ गुरुवार को पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस ने कोलकाता की सड़कों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न हिस्सों में रैलियां निकालीं और केंद्र व राज्य सरकार दोनों को आड़े हाथों लिया। शुभंकर सरकार ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “अगर आम आदमी की रसोई की आग बुझी, तो सड़कों पर विरोध की आग जलेगी। १६ मार्च तक अगर स्थिति नहीं सुधरी, तो हम पूरे राज्य में चक्का जाम करेंगे।”
कोलकाता के हाजरा मोड़ पर दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला फूँका। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मोदी सरकार की गलत विदेश नीति के कारण भारत आज ऊर्जा संकट से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान जैसे पुराने मित्र देश के साथ संबंध बिगाड़कर सरकार ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से होने वाली आपूर्ति को खतरे में डाल दिया है। इसके अलावा, हाथीबागान और मौलाली जैसे प्रमुख इलाकों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कालाबाजारी और गैस की किल्लत के खिलाफ प्रदर्शन किया।
शुभंकर सरकार ने कहा कि कमर्शियल सेक्टर में गैस की कटौती करके सरकार ने होटल, पर्यटन और खाद्य उद्योग से जुड़े लाखों असंगठित कामगारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है। विशेष रूप से रमजान और ईद के समय गैस के दाम बढ़ाना जनता के साथ क्रूर मजाक है। कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वे सोमवार तक सरकार की अगली चाल का इंतजार करेंगे, जिसके बाद आंदोलन को और उग्र बनाया जाएगा।