“अगर माही २५ गेंदें खेल लें तो तबाही मच जाएगी!” धोनी के फॉर्म पर चेतेश्वर पुजारा का बड़ा बयान

आईपीएल २०२६ का रोमांच शुरू होने में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं। २८ मार्च से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट के पहले २० मैचों का शेड्यूल भी जारी हो चुका है। हर बार की तरह इस बार भी पूरी दुनिया की नजरें चेन्नई सुपर किंग्स के ‘थाला’ यानी महेंद्र सिंह धोनी पर टिकी हैं। हाल ही में सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने धोनी के फैंस को बड़ी खुशखबरी देते हुए स्पष्ट किया है कि माही इस पूरे सीजन के सभी मैचों में मैदान पर नजर आएंगे।

विश्वनाथन ने कहा, “धोनी पूरी तरह फिट हैं और हमारे प्लान के मुताबिक वह सभी मैच खेलेंगे। हालांकि, वह किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, यह फैसला टीम के कोचिंग स्टाफ और मैनेजमेंट का होगा।” जहां धोनी के खेलने की खबर से फैंस उत्साहित हैं, वहीं भारत के अनुभवी बल्लेबाज और धोनी के पूर्व साथी चेतेश्वर पुजारा ने माही के बैटिंग पोजीशन को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। पुजारा का मानना है कि धोनी को निचले क्रम में बहुत देरी से भेजना टीम के लिए घाटे का सौदा है।

पुजारा ने एक इंटरव्यू में कहा, “धोनी का ८वें या ९वें नंबर पर बल्लेबाजी करना समझ से परे है। मुझे समझ नहीं आता कि उन्हें इतना नीचे क्यों भेजा जा रहा है। धोनी आज भी अकेले दम पर मैच पलटने की ताकत रखते हैं।” पुजारा ने आगे कहा कि सीएसके के पास वर्तमान में धोनी जैसा कोई दूसरा फिनिशर नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि धोनी को अभी केवल ५ से १० गेंदें खेलने को मिल रही हैं, लेकिन यदि उन्हें २५-३० गेंदें खेलने का मौका मिले, तो वह विपक्षी टीम के लिए काल बन सकते हैं। अब देखना होगा कि क्या आईपीएल २०२६ में धोनी अपनी पुरानी लय में ऊपरी क्रम पर बल्लेबाजी करते दिखेंगे या नहीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *