IIT खड़गपुर में मंडराया एलपीजी संकट! 15 हजार छात्रों के खाने पर संकट? प्रशासन को भेजी गई इमरजेंसी चिट्ठी

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण पूरी दुनिया में ईंधन और रसोई गैस (LPG) की सप्लाई चेन चरमरा गई है। भारत में भी इसका असर दिखने लगा है, जहां गैस वितरण केंद्रों पर लंबी कतारें और होटल-रेस्तरां बंद होने की खबरें आ रही हैं। इस बीच, देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी खड़गपुर (IIT Kharagpur) ने अपने 15,000 छात्रों के भविष्य और उनकी खान-पान की व्यवस्था को सुरक्षित करने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। संस्थान ने गैस संकट से बचने के लिए पश्चिम मेदिनीपुर के जिला कलेक्टर (DM) बिजिन कृष्णा को दो महत्वपूर्ण पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।

आईआईटी खड़गपुर के परिसर में कुल 25 रेजिडेंशियल हॉल हैं, जिनमें रहने वाले हजारों छात्रों के लिए सुबह के नाश्ते से लेकर रात के खाने तक की जिम्मेदारी मेस और कैंटीन पर होती है। आंकड़ों के मुताबिक, संस्थान को प्रतिदिन औसतन 100 गैस सिलेंडर की आवश्यकता होती है। लाल बहादुर शास्त्री हॉल जैसे बड़े हॉस्टलों में खपत और भी अधिक है। आईआईटी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी प्रतीक धामा ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में कोई कमी नहीं है, लेकिन बाहरी परिस्थितियों को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जिला प्रशासन गैस डीलरों और एजेंसियों के संपर्क में है ताकि आईआईटी जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों में आपूर्ति बाधित न हो। गौरतलब है कि ईरान और इजरायल के बीच तनाव के कारण कच्चे तेल और गैस ले जाने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिसके चलते केंद्र सरकार ने घरेलू गैस रिफिलिंग की समय सीमा भी बढ़ा दी है। हालांकि सरकार पर्याप्त स्टॉक का दावा कर रही है, लेकिन आईआईटी प्रशासन किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पहले से ही सतर्क है ताकि छात्रों की पढ़ाई और सेहत पर कोई आंच न आए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *