‘गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें’—पैनिक बुकिंग रोकने के लिए केंद्र सरकार की सख्त अपील

देश के कई हिस्सों में रसोई गैस (LPG) की कमी की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने शुक्रवार को स्थिति स्पष्ट की है। सरकार ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया है कि देश में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि बढ़ती मांग को देखते हुए ५ मार्च से ही गैस उत्पादन में ३० प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है।
मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने एक बयान में कहा कि कुछ शहरों में किल्लत की अफवाहों के कारण लोग डर में आकर ‘पैनिक बुकिंग’ कर रहे हैं, जिससे वितरण प्रणाली पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक न करें। सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और बॉटलिंग प्लांट्स को उत्पादन तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्रालय के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को सप्लाई चेन मजबूत करने के लिए कहा गया है ताकि आने वाले कुछ दिनों में बाजार पूरी तरह स्थिर हो जाए। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि पैनिक बुकिंग के कारण ही डिलीवरी में अस्थायी देरी हो सकती है, इसलिए धैर्य बनाए रखना जरूरी है।