बिना पासपोर्ट के जहाज में छिपकर की विदेश यात्रा! इंग्लैंड से न्यूयॉर्क पहुंचा ‘लाल लोमड़ी’

हजारों मील का समुद्री सफर और वह भी बिना किसी की नजर में आए! इंग्लैंड से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक लाल लोमड़ी (Red Fox) सामान से भरे एक कार्गो शिप में छिपकर अमेरिका के न्यूयॉर्क पहुंच गई। जहाज के कंटेनरों और सामान के बीच बनी दरारों में वह इस कदर छिपी थी कि पूरे सफर के दौरान किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
जब जहाज न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के बंदरगाह पर पहुंचा और सामान उतारने की प्रक्रिया शुरू हुई, तब बंदरगाह के अधिकारियों की नजर इस ‘बिन बुलाए मेहमान’ पर पड़ी। लगभग 2 साल की इस नर लाल लोमड़ी को देखकर अधिकारी दंग रह गए। तुरंत वन्यजीव संरक्षण टीम को बुलाया गया, जिन्होंने शिप से लोमड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला।
हालांकि, इंग्लैंड से अमेरिका तक का साहसिक सफर तय करने के बाद भी इस लोमड़ी को वहां की सड़कों पर घूमने की आजादी नहीं मिल सकी। विदेशी प्रजाति होने के कारण इसे न्यूयॉर्क के ब्रोंक्स चिड़ियाघर (Bronx Zoo) ले जाया गया है। डॉक्टरों ने उसकी जांच की है और फिलहाल वह वहीं के सदस्यों की देखरेख में सुरक्षित है।