‘दुश्मन हमारी ताकत को पहचानने पर मजबूर होंगे’, युद्ध की लपटों के बीच तेहरान में ईरान का शक्ति प्रदर्शन!

ईरान और इजरायल के बीच जारी भीषण जंग के १४वें दिन तेहरान की सड़कों ने एक ऐसा मंजर देखा, जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया। इजरायली सेना द्वारा तेहरान के कुछ इलाकों को खाली करने की चेतावनी के बावजूद, शुक्रवार को लाखों ईरानी नागरिक सड़कों पर उतर आए। कुद्स दिवस के मौके पर आयोजित इस विशाल रैली में शामिल होकर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास आराघची (Abbas Araghchi) ने कड़ा संदेश दिया कि ईरान किसी भी कीमत पर दुश्मनों के आगे घुटने नहीं टेकेगा।
तेहरान के एंगेलाब और फेरदौसी स्क्वायर जैसे इलाकों में धमाकों की गूंज के बीच विदेश मंत्री ने कहा, “अमेरिका और जायोनी शासन के बर्बर हमलों के बावजूद लाखों लोगों का सड़कों पर उतरना हमारे दृढ़ संकल्प का प्रमाण है।” रैली में राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन भी आम लोगों के बीच नजर आए। चारों ओर फिलिस्तीनी झंडे और इजरायल विरोधी नारों के बीच ईरानी नेतृत्व ने यह साफ कर दिया कि वे अपनी राष्ट्रीय नीतियों और फिलिस्तीन के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे।
२८ फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध में अब तक १५०० से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं और ईरान के परमाणु व तेल ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद आराघची ने आगाह किया कि ईरान पर हमलों का नतीजा वैश्विक तेल बाजार में भारी तबाही के रूप में सामने आएगा। युद्ध की विभीषिका के बीच तेहरान से आया यह ‘विस्फोटक’ बयान साफ करता है कि ईरान लंबी लड़ाई के लिए तैयार है और वह कूटनीतिक दबाव में झुकने वाला नहीं है।