योगी के यूपी में बैन होंगे बादशाह? स्कूली छात्राओं के साथ ‘अश्लील’ डांस पर भड़कीं अपर्णा यादव, मुख्यमंत्री को लिखी चिट्ठी

मशहूर रैपर बादशाह एक बार फिर गंभीर विवादों के भंवर में फंस गए हैं। उनके नए हरियाणवी गाने ‘टाटीरी’ (Tatiiri) को लेकर देश भर में आक्रोश का माहौल है। आरोप है कि इस गाने के म्यूजिक वीडियो में स्कूली छात्राओं को बेहद आपत्तिजनक और अश्लील तरीके से दिखाया गया है। अब इस विवाद की आंच उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई है। मुलायम सिंह यादव की बहू और भाजपा नेता अपर्णा यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि प्रदेश में बादशाह के गानों और उनके किसी भी लाइव कॉन्शर्ट पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।

क्या है पूरा विवाद? १ मार्च को रिलीज हुए ‘टाटीरी’ गाने में स्कूली ड्रेस पहनी छात्राओं को कथित तौर पर भद्दे स्टेप्स और यौन संकेतों वाले डांस करते दिखाया गया है। अपर्णा यादव ने अपनी शिकायत में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “शिक्षण संस्थानों की पवित्रता को भंग कर छात्राओं को इस तरह पेश करना सामाजिक मूल्यों पर प्रहार है। यह युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहा है।” उन्होंने योगी सरकार से अपील की है कि प्रदेश के किसी भी जिले में बादशाह को कार्यक्रम करने की अनुमति न दी जाए।

FIR दर्ज और महिला आयोग की सख्ती इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि इस तरह के कंटेंट समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। विवाद बढ़ता देख बादशाह ने आधिकारिक बयान जारी कर माफी मांगी है। बादशाह ने कहा, “मैं खुद हरियाणा का बेटा हूं और मेरा इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने की बात मैं सपने में भी नहीं सोच सकता। मैं क्षमाप्रार्थी हूं।”

हालांकि, अपर्णा यादव का मानना है कि सिर्फ माफी मांग लेने से बात नहीं बनेगी। उनके अनुसार, महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा और दृश्यों के इस्तेमाल के लिए बादशाह के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो दूसरों के लिए नजीर बने। यूपी में बादशाह के भविष्य पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

Author
  • Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *