जुड़वा बहन को ८४ बार गोदा, फिर मां से बोला- ‘घर चलो सरप्राइज है’! इंजीनियर भाई की हैवानियत

भाई और बहन, जो न केवल जुड़वा थे बल्कि दोनों ही पेशे से इंजीनियर थे। लेकिन मुरादाबाद की इस घटना ने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। एक सिरफिरे भाई ने अपनी ही जुड़वा बहन हिमाशिखा की ८४ बार चाकू मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बहन की हत्या करने के बाद उसने अपनी मां को ‘सरप्राइज’ देने के बहाने घर बुलाया और उन पर भी जानलेवा हमला किया।

विवाद की जड़: सोशल मीडिया और प्रेम संबंध २५ वर्षीय हार्दिक और हिमाशिखा गुरुग्राम में नौकरी करते थे। हिमाशिखा एमबीए की पढ़ाई भी कर रही थी, जबकि हार्दिक ने हाल ही में नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस के मुताबिक, हार्दिक सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था और वहीं उसकी दोस्ती एक दूसरे धर्म की महिला से हुई थी। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी बहन और मां उसे करियर पर ध्यान देने की सलाह देते थे। इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे।

८४ घाव और खौफनाक साजिश: ६ मार्च की शाम को भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ। गुस्से में आकर हार्दिक ने सब्जी काटने वाले चाकू से हिमाशिखा पर हमला कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उसने बहन के शरीर पर ८४ वार किए थे। बहन की जान लेने के बाद हार्दिक अपनी मां नीलिमा के ऑफिस पहुंचा और उनसे कहा, “मम्मी घर चलिए, आपके लिए एक बड़ा सरप्राइज है।”

मां पर भी किया हमला: जैसे ही नीलिमा घर पहुंचीं और बेटी की खून से लथपथ लाश देखी, उनकी चीख निकल गई। इसी दौरान हार्दिक ने अपनी मां पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं और खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने आरोपी हार्दिक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह अपने निजी जीवन और करियर को लेकर मिलने वाली सलाहों से बुरी तरह चिढ़ चुका था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *