‘ममता को हराने के लिए वामपंथियों ने BJP को दिया वोट!’ दिग्गज CPM नेता अशोक भट्टाचार्य का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले माकपा (CPM) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अशोक भट्टाचार्य के एक बयान ने राज्य की राजनीति में खलबली मचा दी है। सिलीगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने खुलेआम स्वीकार किया कि पिछले तीन चुनावों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सत्ता से बाहर करने के लिए वामपंथी समर्थकों ने भाजपा को वोट दिया था। अशोक भट्टाचार्य का यह बयान टीएमसी के उन आरोपों को पुख्ता करता है, जिसमें वह हमेशा ‘वाम और राम’ के बीच गुप्त समझौते का दावा करती रही है।
क्या कहा अशोक भट्टाचार्य ने? अशोक भट्टाचार्य ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, “मैं बहुत दुख के साथ कह रहा हूं कि टीएमसी को हराने के चक्कर में वामपंथियों ने बीजेपी को वोट देकर गलती की। अब दोबारा यह गलती मत करना।” उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल में नया सूर्योदय केवल वामपंथी एकता से ही संभव है। टीएमसी ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि आज जनता ने देख लिया कि असली ‘सेटिंग’ किसके बीच है।
बीजेपी की रैली में वामपंथी डॉक्टर: इस राजनीतिक घमासान के बीच शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में जाने-माने डॉक्टर नारायण बंद्योपाध्याय की उपस्थिति ने सबको चौंका दिया। खुद को वामपंथी कहने वाले डॉक्टर नारायण ने कहा कि आज बंगाल में ‘दाएं या बाएं’ का सवाल नहीं है, बल्कि बंगाल को बचाने के लिए टीएमसी को हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर सफल बंगाली आज ‘प्रवासी’ बनने को मजबूर है, इसलिए उन्होंने बीजेपी के मंच पर आने का फैसला किया। चर्चा है कि बीजेपी उन्हें आगामी चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है।