बंगाल चुनाव 2026: क्या 2-3 चरणों में निपट जाएगा मतदान? आज शाम 4 बजे होगा बड़ा ऐलान!

भारत निर्वाचन आयोग आज यानी रविवार को पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के लिए विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करने जा रहा है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आज शाम 4 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है, जहाँ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की फुल बेंच पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के लिए चुनावी तारीखों का ऐलान करेगी। इस घोषणा के साथ ही इन सभी चुनावी राज्यों में ‘आदर्श आचार संहिता’ प्रभावी हो जाएगी।
क्या बंगाल में चरणों की संख्या पर लगेगा विराम? पश्चिम बंगाल में इस बार कितने चरणों में चुनाव होगा, इसे लेकर अटकलें तेज हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में जहाँ 8 चरणों में मतदान हुआ था, वहीं सूत्रों का दावा है कि इस बार चुनाव आयोग इसे घटाकर मात्र 2 या 3 चरणों में समेट सकता है। बीजेपी, कांग्रेस और वामपंथी दलों ने कम चरणों में चुनाव कराने की मांग की थी। माना जा रहा है कि बंगाल में पहले चरण का मतदान 14 अप्रैल (बंगाली नववर्ष) के बाद शुरू हो सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था और आयोग की सख्ती: चुनाव आयोग का पूरा जोर हिंसा मुक्त और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने पर है। हालांकि चरणों की संख्या कम हो सकती है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की जाएगी। आयोग पहले ही साफ कर चुका है कि किसी भी तरह की राजनीतिक हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आज शाम 4 बजे की प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ हो जाएगा कि बंगाल की सत्ता का भविष्य किस तारीख को तय होगा।