बंगाल में मौसम का कहर! 11 जिलों में बिजली गिरने और आंधी की चेतावनी, 50 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

पश्चिम बंगाल में आज यानी रविवार से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 11 जिलों में आंधी-तूफान और गरज के साथ बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। बांग्लादेश और आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र (Cyclonic Circulation) के कारण बंगाल में नमी बढ़ रही है, जिससे अगले 48 घंटों तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।
इन जिलों में होगी बारिश: दक्षिण बंगाल के पुरुलिया, बांकुरा, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया और दोनों वर्धमान जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की आशंका है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में भी भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव: कोलकाता में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन उमस बनी रहेगी। अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सोमवार से फिर पारा गिरने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि मंगलवार तक बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।