बंगाल चुनाव से पहले मेयर का बड़ा दांव! 1 महीने में पूरी होगी ‘पाड़ा समाधान’ परियोजना

विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले कोलकाता नगर निगम ने ‘आमदेर पाड़ा आमदेर समाधान’ (हमारा मोहल्ला हमारा समाधान) परियोजना को लेकर कमर कस ली है। कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने आश्वासन दिया है कि शहर में रुके हुए ६० प्रतिशत काम को अगले एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। अब तक केवल ४० प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है, जिसे लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है।
क्यों आ रही है देरी? नगर निगम के सूत्रों के अनुसार, पुराने काम के पैसे बकाया होने के कारण ठेकेदार इस नए प्रोजेक्ट में रुचि नहीं ले रहे थे। हालांकि, निगम ने अब जल्द भुगतान का भरोसा दिलाया है। फिरहाद हकीम ने बताया कि शहर के १४४ वार्डों के ४,८०० बूथों के लिए कुल ३६४.९३ करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मेयर का मानना है कि चुनाव से पहले मोहल्लों की छोटी-छोटी समस्याओं को सुलझाना पार्टी के लिए गेम-चेंजर साबित होगा।