क्या २०२८ वर्ल्ड कप में भी गम्भीर-सूर्या की जोड़ी मचाएगी धमाल? जय शाह ने दिया बड़ा संकेत!

भारतीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने एक ऐसा बयान दिया है जिसने करोड़ों प्रशंसकों का उत्साह बढ़ा दिया है। मुंबई में आयोजित एक पुरस्कार समारोह में जय शाह ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और टी-२० कप्तान सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ की। उनके शब्दों से यह साफ झलकता है कि २०२८ के अगले टी-२० वर्ल्ड कप तक बोर्ड इस सफल जोड़ी के साथ ही आगे बढ़ने का मन बना चुका है।

जय शाह ने गंभीर और सूर्या को संदेश देते हुए कहा, “सफलता के शिखर से नीचे गिरने में कुछ महीने लगते हैं, लेकिन शून्य से शिखर तक पहुंचने में वर्षों की मेहनत लगती है। इसी तरह कड़ी मेहनत करते रहो और ट्रॉफियां जीतते रहो।” जय शाह ने खुलासा किया कि जब वे बीसीसीआई में थे, तब उन्होंने २०२८ ओलंपिक तक की योजना बनाई थी, लेकिन अब वे चाहते हैं कि भारतीय क्रिकेट की यह प्लानिंग २०३६ तक के लिए हो। इससे स्पष्ट है कि भारतीय टीम अब लॉन्ग-टर्म विजन पर काम कर रही है।

इस दौरान जय शाह ने पाकिस्तान और बांग्लादेश का नाम लिए बिना उन पर तीखा प्रहार किया। चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड कप के आयोजन को लेकर हुए विवादों पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “आईसीसी किसी एक देश से नहीं बनती, बल्कि सभी देशों के समूह से बनती है। कोई भी देश संस्था से बड़ा नहीं हो सकता।” उनका यह बयान उन देशों के लिए सीधी चेतावनी माना जा रहा है जो अक्सर क्रिकेट के शेड्यूल में बाधा डालने की कोशिश करते हैं।

शाह ने हालिया विश्व कप की सफलता का जश्न मनाते हुए कहा कि दर्शकों की संख्या ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ७.२ मिलियन ‘कन्करेंट व्यूअर्स’ का ऐतिहासिक आंकड़ा यह साबित करता है कि क्रिकेट की लोकप्रियता चरम पर है। नेपाल, नीदरलैंड और जिम्बाब्वे जैसी छोटी टीमों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने इसे क्रिकेट के भविष्य के लिए एक शुभ संकेत बताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *