‘कोई देश ICC से ऊपर नहीं’, पाकिस्तान और बांग्लादेश की हेकड़ी पर जय शाह का करारा प्रहार!

आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने टी-२० वर्ल्ड कप २०२६ के दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश द्वारा की गई ‘बायकॉट’ की राजनीति पर चुप्पी तोड़ी है। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि क्रिकेट की वैश्विक संस्था किसी भी बोर्ड या देश के दबाव में काम नहीं करती। उन्होंने कड़े लहजे में कहा, “संस्था किसी एक टीम से नहीं बनती, बल्कि सभी सदस्य देशों से मिलकर बनती है। कोई भी देश आईसीसी से बड़ा नहीं है।”
गौरतलब है कि वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश ने भारत में मैच खेलने से इनकार करते हुए अपने वेन्यू श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी। आईसीसी ने जब यह मांग ठुकरा दी, तो बांग्लादेश टूर्नामेंट से हट गया और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। पाकिस्तान ने भी पहले बहिष्कार की धमकी दी थी, लेकिन बैन और भारी जुर्माने के डर से वे अंततः खेलने को राजी हुए।
जय शाह ने कहा कि इन विवादों के बावजूद यह वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे सफल टूर्नामेंट रहा। उन्होंने कहा, “दर्शकों की संख्या ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पहली बार ७.२ मिलियन लोगों ने एक साथ लाइव मैच देखा।” उन्होंने एसोसिएट देशों जैसे नेपाल, अमेरिका और नीदरलैंड्स की जमकर तारीफ की, जिन्होंने भारत और इंग्लैंड जैसी दिग्गज टीमों को कड़ी टक्कर दी। जय शाह के मुताबिक, जिम्बाब्वे द्वारा ऑस्ट्रेलिया को हराना और नेपाल का इंग्लैंड के खिलाफ साहसी प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बदलते स्वरूप की मिसाल है।