ऑस्ट्रेलिया की ‘आजादी’ ठुकराई! सुरक्षा की गारंटी के बावजूद ईरान लौटने का ३ फुटबॉलरों का बड़ा फैसला

ऑस्ट्रेलियाई सरकार से राजनीतिक शरण (Humanitarian Visa) की मांग करने वाली ईरान की महिला फुटबॉल टीम की तीन सदस्यों ने अचानक अपना मन बदल लिया है। मध्य पूर्व में तनाव के बीच पहले इन खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया में ही रुकने का फैसला किया था, लेकिन अब उन्होंने वापस ईरान लौटने का विकल्प चुना है। ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने रविवार को पुष्टि की कि ये तीन सदस्य अब अपनी टीम के साथ तेहरान के लिए रवाना हो गए हैं।
एएफसी महिला एशियाई कप के दौरान शुरू हुए इस विवाद ने तब तूल पकड़ा था जब कप्तान जहरा घानबारी सहित सात सदस्यों ने होटल छोड़कर सुरक्षा की मांग की थी। ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें मानवीय आधार पर वीजा भी दे दिया था, लेकिन शनिवार रात को हुए इस नए घटनाक्रम ने सबको चौंका दिया। बर्क ने कहा, “हमने उन्हें उनके सामने मौजूद सभी विकल्पों को समझने का पर्याप्त समय दिया, जिसके बाद उन्होंने स्वेच्छा से स्वदेश लौटने का निर्णय लिया।”
ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका पर ‘हस्तक्षेप’ का आरोप लगाया था। इस बीच, ईरानी फुटबॉलरों द्वारा राष्ट्रगान के दौरान मौन रहने की घटना ने भी अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बटोरी थीं। अब तीन सदस्यों के लौटने के फैसले को ईरान सरकार की बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा है। फिलहाल टीम के अन्य चार सदस्य अभी भी ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा में हैं, लेकिन इन तीन खिलाड़ियों की वतन वापसी ने कई अनसुलझे सवाल छोड़ दिए हैं।