बंगाल चुनाव से ऐन पहले ममता का बड़ा दांव! इमाम और पुरोहितों के भत्ते में बढ़ोतरी, चुनाव आयोग ने दी हरी झंडी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान से महज कुछ घंटे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इमामों, मुअज्जिनों और पुरोहितों के लिए मासिक भत्ते में ५०० रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। अब उन्हें प्रति माह २,००० रुपये का भत्ता मिलेगा। इस घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया कि इससे ‘आदर्श आचार संहिता’ का उल्लंघन नहीं हुआ है क्योंकि यह घोषणा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले की गई थी।
आयुक्त ने कहा, “आचार संहिता चुनाव की घोषणा के क्षण से लागू होती है। उससे पहले की घोषणाएं राज्य सरकार का विषय हैं।” ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर कहा कि आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को जीवंत रखने वाले इन समुदायों की मदद के लिए यह कदम उठाया गया है। बता दें कि बंगाल में इस बार २३ और २९ अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जिसका नतीजा ४ मई को आएगा।